मुरादाबाद। शहर के नजदीक स्थित ग्राम पंचायत सोनकपुर देहात उर्फ भोला सिंह की मिलक में लगातार मौतें हो रही हैं। 26 अप्रैल से जारी इस सिलसिले में शुक्रवार को तीन और मृतकों का नाम जुड़ गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में ना तो कोरोना की कोई जांच हो रही है और ना ही सेनिटाइजेशन किया जा रहा है।
भोला सिंह की मिलक शहर से एकदम सटा हुआ गांव है। ग्रामीण बताते हैं कि 26 अप्रैल से जारी मौतों का सिलसिला लगातार जारी है और कोई दिन ही खाली जा रहा है। अब तक लगभग 10 मौतें हो चुकी हैं। शुक्रवार को भी अकीला (59 वर्ष) सहित 62 वर्षीय और 57 वर्षीय दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इसके साथ ही 68 वर्ष की एक महिला की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कोरोना की जांच नहीं हो रही है, सैनिटाइजेशन भी नहीं करवाया जा रहा है। जबकि पहले कई बार जांच कैंप लगे थे। अकीला के पुत्र का दावा है कि उनकी मां का कोरोना संक्रमण से शुक्रवार दोपहर निधन हो गया है। उन्होंने पूरे परिवार सहित खुद को आइसोलेट कर लिया है। अभी स्वास्थ्य विभाग के किसी अधिकारी ने जांच के लिए संपर्क नहीं किया है। ग्राम प्रधान रमेश सिंह का कहना है कि आजम तीन मौतें हुई हैं। इससे पहले पिछले दिनों में भी कई लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन को इसकी जानकारी दी जा रही है।