फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षा माफिया की तीन करोड़ की संपत्ति जब्त

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। डिलारी पुलिस ने शनिवार को शिक्षा माफिया एवं गैंगस्टर धर्मानंद भटनागर की तीन करोड़ 37 लाख रुपये कीमत की चल व अचल संपत्ति जब्त की है। इसमें एक स्कूल, एक इंटर कालेज का भवन, दो मकान और एक कार के अलावा अन्य संपत्ति को कोर्ट के आदेश पर जब्त किया गया है। पुलिस का दावा है कि मंडल में वर्ष 2021 में अब तक की सबसे बड़ी जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन

शासन के आदेश पर प्रदेश भर के जनपदों में अपराधियों की अवैध तरीके से अर्जित की गईं संपत्ति जब्त की जा रही हैं। इसमें मुरादाबाद पुलिस की ओर से भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डिलारी थाना प्रभारी सतराज सिंह ने बताया कि आरोपी धर्मानंद भटनागर निवासी पीपलसाना थाना भोजपुर हाल निवासी प्रकाश नगर गली नंबर तीन के खिलाफ 2016 में सिविल लाइंस थाने में धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक साजिश रचने समेत समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाखों का वजीफा घोटाला किया था। इसके अलावा डिलारी थाने में आरोपी के खिलाफ 2020 में आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया था। पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान आरोपी के नाखूनका गांव स्थित स्कूल में छापा मारकर अवैध शस्त्र फैक्टरी पकड़ी थी। उस वक्त स्कूल संचालक धर्मानंद मौके से भाग निकला था।
आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर में भी केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी धर्मानंद की अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने ढोल बजाकर एलान किया। इसके बाद जब्तीकरण की कार्रवाई की। पुलिस ने नाखूनका स्थित आनंद पब्लिक स्कूल का भवन, आदर्श पब्लिक इंटर कालेज भोजपुर का भवन, मझोला थानाक्षेत्र में प्रकाश नगर स्थित दो मकान और एक कार भी जब्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने बताया कि आरोपी धर्मानंद भटनागर द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई तीन करोड़ 37 लाख रुपये कीमत की चल व अचल संपत्ति जब्त की है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें