ठाकुरद्वारा। स्योहारा मार्ग पर शनिवार शाम करीब सात बजे ईद मिलने और मेला देखने जा रहे लोगों की तीन तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। बाइक चला रहे किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। एक बाइक पर चार लोग सवार थे। हादसे में दो बाइकों पर सवार सात लोग घायल हो गए।
दुर्घटना पृथ्वीपुर गावड़ी और मदारपुर मोड़ के बीच स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई। गांव पानूवाला निवासी सिपते हसन शाम को अपनी पत्नी शहनाज, पुत्र सैमुअल (6) और सिफरे (8) को बाइक से लेकर ईद मिलने अपनी ससुराल उत्तराखंड के थाना कुंडा के गांव श्यामपुर जा रहा था। जबकि रामनगर खागूबाला मुजीब अपने रिश्तेदार रामपुर के दाढ़ी हाल निवासी मुकसीब रजा और थाना भोजपुर के गांव बहेरी ब्रह्मदान निवासी साबिर के साथ शरीफ नगर में ईद पर लगा मेला देखने जा रहा था।
तभी दोनों बाइकों में भिड़ंत हो गई। तीसरी बाइक भी उनसे आकर भिड़ गई, लेकिन तीसरी बाइक पर सवार लोग दुर्घटना के बाद मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। संवाद