संभल-चंदौसी मार्ग पर नरौली के पास मंगलवार सुबह गश्त के दौरान पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। फायरिंग में सिपाही प्रमोद कुमार व बदमाश अरविंद के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर घायल सहित तीन बदमाशों को पकड़ लिया है।
पकड़े गए बदमाश दिल्ली के सुलेमान नगर निवासी अजय कुमार, सुल्तानपुरी निवासी विनोद कुमार और दिल्ली के सुलेमान नगर निवासी अरविंद शामिल है। पुलिस को बदमाशों की गाड़ी से करीब 1.232 किलोग्राम स्मैक बरामद हुई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ 25 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को बदमाशों के पास से दो तमंचा, 315 बोर पांच कारतूस और तीन खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस बदमाशों से पूछताछ करने में लगी है। घायल सिपाही व बदमाश को सीएससी चंदौसी में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान पुलिस कप्तान चक्रेश मिश्र एडिशनल एसपी आलोक कुमार जायसवाल ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। मामले में तीन अलग-अलग मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं।