मुरादाबाद के पुलिस लाइन थाना में दवाई में पकडे गये अरोपियों का खुलासा किया गया। अमर उजाला।
मुरादाबाद। शहर के युवाओं को नशे का आदी बना रहे तीन युवकों को सिविल लाइन पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दवा व्यापारी, दूसरा बंदी रक्षक का बेटा और तीसरा उसका दोस्त है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कूटी, भारी मात्रा में नशीली दवाएं, एक किलो गांजा बरामद किया गया है।
एएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि पुलिस अकादमी में कार्यरत सिपाही पूरन सिंह की कचहरी से स्कूटी चोरी हो गई थी। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस चोरी की स्कूटी की तलाश कर रही थी। इस दौरान एक सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने चोरी की स्कूटी के साथ जेल लाइन में रहने वाले बंदी रक्षक के बेटे अविरल, उसके दोस्त आदर्श कालोनी निवासी पीयूष उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया है। स्कूटी की तलाशी ली गई तो उसके अंदर एक किलो गांजा बरामद किया गया है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी बरेली से नशीले पदार्थ चरस, स्मैक, गांजा खरीदकर लाते हैं और मुरादाबाद में बेचते हैं। नशे के सामान की सप्लाई छात्रों और शहर के युवाओं को की जाती है। जिससे कि वे नशे के आदी हो रहे थे। इसके अलावा सिविल लाइन पुलिस ने महलकपुर निवासी नजाकत को गिरफ्तार किया है। नजाकत दवा व्यापारी है, हरथला में उसका मेडिकल स्टोर है। एएसपी ने बताया कि लंबे समय से हरथला में नशीली दवाओं के बेचे जाने की सूचनाएं मिल रही थी। सिविल लाइन पुलिस को जांच के लिए लगाया गया, जिसके बाद पता चला कि मेडिकल स्टोर की आड़ में छात्रों को महंगे दामों पर नशे के लिए प्रतिबंधित दवाएं नजाकत बेच रहा था। इसकी पुष्टि होने पर नजाकत को एसएसआई सुनील चौधरी ने पुलिस टीम के साथ मिलकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुई हैं, जो कि प्रतिबंधित हैं।