मुरादाबाद। मझोला थाने की पुलिस ने ई रिक्शा चालक की गैर इरादतन हत्या के मामले में उसकी दूसरी पत्नी के दो बेटे और उनका एक साथी गिरफ्तार किया है। रविवार की शाम तीनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मझोला थाना क्षेत्र के भोला सिंह की मिलक निवासी बुद्धा सैनी ने दो मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया कि उसका छोटा भाई बबलू सैनी (40) ई-रिक्शा चलाता था। करीब पांच साल पहले बबलू की पत्नी संतोष की कोरोना से मौत हो गई थी। बबलू ने रीना नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली थी। रीना अपने साथ पहले पति के दो बेटे रितिक और अंकित को साथ लेकर आई थी। 22 फरवरी की दोपहर करीब तीन बजे रुपये न देने पर आरोपी रीना, उसके बेटे रितिक, अंकित और कांशीराम नगर में रहने विनीत कुमार ने बबलू सैनी की पिटाई की थी। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बबलू की मौत हो गई थी। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि रविवार आरोपी रितिक, अंकित और विनीत को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस मामले में चौथी आरोपी रीना की तलाश की जा रही है।