मझोला पुलिस ने मैनाठेर पुलिया से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर अंडा कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि बदमाश अपने नशे के लिए अंडा व्यवसायी के गोदाम को लूटने की फिराक में थे। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने लूट में प्रयुक्त तीन तमंचा, पांच कारतूस और बाइक बरामद किया है।
पुलिस लाइन में एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया और सीओ अर्पित कपूर ने रविवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि मझोला थाना क्षेत्र के लाइन पार ढक्का रोड पर नौ जनवरी को बदमाशों ने लूटपाट में असफल होने पर अंडा कारोबारी हरि सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया था। गोलियां कारोबारी की पीठ और हाथ में लगी थीं। घटना के समय वह कैश काउंटर पर बैठे थे। उस समय कर्मचारी अंदर गोदाम में काम कर रहे थे। शोर शराबा होने पर कर्मचारी गोदाम से बाहर आए तो तीनों बदमाश मोटरसाइकिल से भागने में सफल हो गए।
पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इस मामले में बदमाशों की शिनाख्त होने पर सीओ के निर्देशन में मझोला पुलिस ने मैनाठेर पुलिया के नजदीक रविवार को तमंचे के साथ तीन बाइक सवार बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने तीनों के कब्जे से एक-एक तमंचा और पांच कारतूस बरामद किया। पकड़े गए बदमाशों में लाकड़ी मझोला निवासी राजा उर्फ सतेंद्र चौहान, गौरव उर्फ डान साहब और कलुआ उर्फ नितिन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि तीनों नशे के आदी हैं। घायल हुए अंडा व्यवसायी हरि सिंह मूलरूप से बिजनौर के धामपुर निवासी हैं। वह लाइनपार दुर्गा नगर में रहते हैं। मझोला क्षेत्र में ढक्का रोड पर उनका दीपा एग नाम से अंडे का गोदाम है। इलाज के दौरान वह ठीक हो गए हैं।
आरोपी ने एक करोड़ की जमीन बेची थी
सीओ ने बताया कि आरोपी गौरव उर्फ डॉन के पिता बलजीत सिंह चौहान कोर्ट में लिपिक थे। पिता के रिटायर्ड होने के बाद गौरव ने पैतृक जमीन एक करोड़ रुपये में बेच दी थी। नशे के लिए अपने साथियों के साथ अपराध में लिप्त हो गया। इसके खिलाफ चोरी, सहित अन्य केस पहले से दर्ज हैं। तीनों आरोपी पहले से दागदार रहे हैं।
महिला का बैग भी लूटा था
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के सरगरना गौरव उर्फ डॉन ने पूछताछ के दौरान बताया कि पांच दिसंबर 2023 को उन्होंने मनोहरपुर रोड पर एक महिला का बैग छीना था। बैग में बैंक की चाभियां और आधार कार्ड थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने उनको जेल भेज दिया। गिरफ्तारी में उप निरीक्षक विनय कुमार, मोहित रविकांत, अशोक, सोनू आदि पुलिसकर्मी शामिल थे।