मुरादाबाद। मझोला के शराफत नगर में व्यापारी मो. आरिफ (45) की हत्या से पहले आरोपियों ने सरेराह धमकी दी। आरोपी ने व्यापारी के बेटे की कार के सामने फिल्मी स्टाइल में बाइक खड़ी कर दी। विरोध करने पर उसे धमकाया। शोरशराबा होने पर आरोपी के परिवार के लोग आ गए और व्यापारी और उसके बेटे को देख लेने की धमकी देने लगे। रात होते ही आरोपियों ने एकजुट होकर व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर उसकी हत्या कर दी।
व्यापारी के भाई मो. आलम ने बताया कि उनका भतीजे फाजिल कार से अपने दूसरे मकान पर नया गांव जा रहा था। रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपी असिस ने उसकी गाड़ी के आगे बाइक लगा दी थी। जिसकी वजह से वह कार नहीं निकाल पाया था।
आरोपी से पहले भी इस तरह की हरकत का चुका था। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर आए तो आरोपी ने अपने पिता और भाइयों को बुला लिया। आरोपी मारपीट करना चाहते थे, लेकिन लोगों के जुटने पर आरोपी धमकी देकर चले गए। रात में परिवार के लोग घर में मौजूद थे। उनके भाई मो. आरिफ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी पहुंच गए और हमला कर उन्हें मार डाला।
आरिफ के परिवार में पत्नी मैसर जहां, तीन बेटे शुहेल, फाजिल व कैफ और एक बेटी मन्नत है। व्यापारी के भाई मो. आलम ने बताया कि आरोपी मुस्लिम के चार बेटे हैं। वह मोहल्ले में लोगों को धमकाता है कि उसके पास चार लठ हैं। अगर कोई उससे टकराए तो अंजाम बुरा होगा।