मुरादाबाद। टाउनहाॅल पर अवैध फड़ हटाने गई नगर निगम की टीम के साथ अभद्रता करने, हंगामा और रोड जाम करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस को मौके के 10 वीडियो मिले हैं, जिनके जरिये आरोपियों की पहचान की जा रही है। नगर नगर की ओर से तीन नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया जा चुका है। पुलिस वीडियो से आरोपियों की पहचान के बाद कार्रवाई करेगी।
नगर निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी के अविनाश कुमार गौतम की ओर से शहर कोतवाली में अजय महेश्वरी, राजेश, भूरा और 50 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि 126 फड़ विक्रेता टाउनहाॅल पर सड़क को घेरकर सामान बेचते हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर फड़ विक्रेताओं को कुक्कुटशाला रोड और ज्योतिबाफुले द्वार के पास फड़ लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जा चुका है लेकिन फड़ विक्रेता टाउनहाॅल से नहीं हट रहे हैं। इससे यातायात बाधित हो रहा है।
24 फरवरी को दोपहर बाद करीब तीन बजे नगर निगम की टीम अवैध फड़ हटवाने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान अजय महेश्वरी, राजेश और भूरा ने अन्य फड़ विक्रेताओं को भड़का कर हंगामा शुरू कर दिया। ब्यूरो