अमर उजाला की ओर से बुधवार को कौसल्या कन्या इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने कहा कि लगभग हर किसी के पास एंड्रायड फोन होने की वजह से व्यक्तिगत मान-सम्मान के अलावा आर्थिक नुकसान का जोखिम बढ़ गया है। सोशल साइट्स पर प्रोफाइल बनाने की वजह से सभी निजी जानकारियां इन कंपनियों के साथ साझा हो जाती है। यदि आप निजता के विकल्पों का चयन नहीं करते हैं तो किसी की भी आपकी प्रोफाइल तक पहुंच आसान हो जाती है। इसलिए विद्यार्थियों को यदि पढ़ाई के लिए जरूरी है, तब अपने परिजनों का फोन इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे स्क्रीन टाइम पर भी नियंत्रण रहेगा। उन्होंने छात्राओं से अकेले की प्रोफाइल पिक न लगाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. मधुबाला त्यागी, नवोदिता, रश्मि, शिल्पी, नेहा, मृदुल, प्रिया आदि मौजूद रहीं।
सवाल. पुलिस में नौकरी पाने के लिए क्या योग्यता होती है।
जवाब. सबसे पहले आपको शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है। इसके अलावा लिखित परीक्षा देनी होगी। शैक्षिक योग्यता में न्यूनतम 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है।
सवाल. चालान में मिलने वाले रुपये कहां जाते हैं।
जवाब. यह पूरा धन कोषागार में जमा हो जाता है। इससे यह सरकार के पास चला जाता है। बाद में सरकार इसी धन से विकास योजनाओं के लिए बजट जारी करती है।
सवाल. यूपीएससी के लिए तैयारी कब से शुरू कर सकते हैं।
जवाब. इस परीक्षा में बैठने के लिए न्यूनतम शैक्षिक अर्हता स्नातक है। इसलिए स्नातक अंतिम वर्ष से तैयारी शुरू की जा सकती है। पाठ्यक्रम को समझकर पिछले दस वर्षों की परीक्षाओं के प्रश्नों को हल करने का प्रयास करेंगे तो अन्य चीजें भी आसानी से समझ आ जाएंगी।
सवाल. यदि साइबर ठगी हो जाती है तो कहां शिकायत करें।
जवाब. साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल की जा सकती है। इसके अलावा प्रत्येक थाने में साइबर हेल्प डेस्क बनी हुई है। साथ ही मुरादाबाद में साइबर थाना भी है।