कांठ। मोहल्ला पट्टी मौढ़ा गुलड़िया में शनिवार आधी रात में दीवार फांदकर किसान के घर में घुसे चोरों ने सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी करके ले गए। सुबह चोरी की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। किसान ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
मोहल्ला निवासी आदेश कुमार किसान हैं। शनिवार रात वह घर की छत पर और परिवार के अन्य सदस्य नीचे सो रहे थे। पीड़ित ने बताया कि आधी रात को किसी समय चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और घर के कमरे में रखे दो छोटे संदूकों में से एक को खंगाला और दूसरे को उठाकर पास में ही गन्ने के खेत में ले गए। चोरों ने संदूकों में रखे सोने-चांदी के जेवरों व पांच हजार नकदी निकाल ली। रविवार की तड़के करीब चार बजे परिजन जगे तो चोरी का पता चला। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। कांठ निवासी अवधेश के गन्ने के खेत में छोटा संदूक और बिखरा सामान मिला। पीड़ित के अनुसार, करीब साढ़े पांच लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी राहुल राघव ने मौके का मुआयना किया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि चोरी के मामले में पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
रेलवे कर्मचारी के आवास पर हुई चोरी का खुलासा नहीं
कांठ। एक सप्ताह पहले कांठ की रेलवे कर्मचारी कॉलोनी स्थित एटा के बहोरनपुर निवासी रेलवे कर्मचारी राजेश कुमार के आवास का ताला तोड़कर चोर 80 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए थे। वारदात के दौरान राजेश कुमार पत्नी के साथ अपनी बच्ची का मुंडन संस्कार कराने 16 अक्तूबर को राजस्थान स्थित गोगामेड़ी गए थे। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज की थी, लेकिन अभी तक इस मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। संवाद