मुरादाबाद। चोरों ने मझोला थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के शिक्षक के घर से डेढ़ लाख रुपये की नकदी, जेवर समेत लाखों का माल समेट लिया। सुबह नींद टूटने पर परिवार को घटना की जानकारी मिली। परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। सूचना मिलने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
सम्राट अशोक नगर में बिजलीघर के पास रहने वाले राकेश कुमार शर्मा आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि 12 सितंबर की रात वह पत्नी स्वाति शर्मा, बेटा अथर्व और बेटी एंजल शर्मा रोजाना की तरह भोजन करने के बाद सो गए थे। रात करीब एक से तीन बजे के बीच चोर घर में घुस गए।
उन्होंने बताया कि चोरों ने सभी लोगों को कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसी कारण पूरा परिवार गहरी नींद में सोया रहा। चोरों ने करीब एक से डेढ़ घंटे तक पूरा घर खंगाल डाला। सुबह जब नींद टूटी तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से डेढ़ लाख रुपये, एक लैपटॉप, सोने का मंगलसूत्र, दो चेन, दो अंगूठी, पीतल के बर्तन समेत पांच लाख से अधिक का माल समेटकर ले गए।
उन्होंने 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।