रात के अंधेरे में घरों के बाहर खडे़ ई-रिक्शा से बैट्रियां चोरी करने वाले गिरोह के एक चोर को एक युवक ने डॉगी की मदद से रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की बैट्री भी बरामद कर ली गई।
तीन दिन पहले ही चोर को मझोला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया लेकिन पुलिस ने न तो उसकी गिरफ्तारी दिखाई, न ही जेल भेजा। आरोपी को रिश्वत लेकर छोड़ने की तैयारी में मझोला पुलिस जुटी हुई है।
प्रकाशनगर निवासी धर्मपाल ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजर बसर करता है। बुधवार रात को एक बजे वह घर पर सो रहा था, घर के बाहर उसका ई-रिक्शा खड़ा था। इस दौरान चोर ने उसके ई-रिक्शा से बैट्री चोरी कर ली। खटपट की आवाज सुनकर वह रात को घर से बाहर निकला तो ई-रिक्शा से बैट्री गायब देख उसके होश उड़ गए।
वह चोर की तलाश में आसपास की गलियाें में घूमने लगा, करीब दो घंटे बाद उसे प्रकाशनगर चौराहे की तरफ से कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी, रात को तीन बजे सुनसान जगह पर कुत्ते के भौंकने की आवाज से धर्मपाल को लगा कि वहां पर कोई युवक है, वह प्रकाशनगर चौराहे की तरफ गया तो एक युवक वहां पर खडे़ ई-रिक्शा से बैट्री चोरी कर रहा था।
धर्मपाल को देखते ही वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा, डॉगी भी चोर को भागते देख उसकी तरफ भागा तो आरोपी को कुछ ही दूरी पर धर्मपाल ने पकड़ लिया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि वह कुंदनपुर का रहने वाला है।
उसने ही धर्मपाल के ई-रिक्शा से भी बैट्री चोरी कर उसे अपने एक साथी को दे आया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, मझोला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चोर को पकड़कर थाने ले आई।
आरोप है कि मझोला पुलिस ने तीन दिन बाद भी चोर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। पुलिस रिश्वत लेकर उसे छोड़ने की तैयारी कर रही है। धर्मपाल के ई-रिक्शा से चोरी बैट्री भी पुलिस ने बरामद नहीं की है।