मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सक्टूनगला में शीशा कारोबारी के घर लाखों की चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दिन में रेकी कर रात में बंद पड़े मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
मूंढापांडे के सक्टूनगला निवासी नाजिम काेेेेेेे काशीपुर तिराहे पर शीशे का कारखाना है। 14 अप्रैल 2025 की रात शीशा कारोबारी के घर से चोर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए थे। घटना के समय परिवार बाहर गया था। घर लौटने पर कारोबारी को घटना की जानकारी हो पाई थी। इसके बाद से पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात सलेमपुर चौराहे के पास से पुलिस टीम ने पाकबड़ा के रतनपुर कला निवासी शरीफ अहमद और सिविल लाइंस के अगवानपुर निवासी जर्रार को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अपने साथियों जाबिर व राजेंद्र के साथ सक्टूनगला में कारोबारी नाजिम के घर और हरसैनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में चोरी की थी। वह दिन में बंद घरों की रेकी करते थे और रात में चोरी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गैस सिलिंडर, डेबिट कार्ड, पासपोर्ट समेत अन्य सामान बरामद कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। शरीफ के खिलाफ मूंढापांडे व पाकबड़ा समेत अन्य थानों में नौ मुकदमे दर्ज हैं।