मुरादाबाद। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 इंटर क्लब क्रिकेट लीग में रविवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। रुक्मणी एकेडमी ने डीपीजीएस को हराकर व स्प्रिंगफील्ड्स एकेडमी ने पारकर एकेडमी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों मुकाबले आईएफटीएम विश्वविद्यालय के मैदान पर खेले गए।
अब रुक्मणी एकेडमी व स्प्रिंगफील्ड्स एकेडमी के बीच सोमवार को खिताबी भिड़ंत होगी। पहले सेमीफाइनल में डीपीजीएस ने टॉस जीतकर फील्डिंग की। रुकमणी एकेडमी के बल्लेबाजों ने शुरू से बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मोहम्मद उस्मान ने 90 रन की तेज पारी खेली। अशरफ रजा ने 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम का स्कोर और मजबूत कर दिया। रही सही कसर अंश गौतम ने 45 व देव पैसल ने 38 रनों की विस्फोटक पारी से पूरी कर दी। रुक्मणी एकेडमी ने निर्धारित 40 ओवर में 254 रन बनाए और ऑलआउट हो गई। डीपीजीएस की ओर से गेंदबाजी में अमन वारसी ने तीन, वसीम और यश वशिष्ट ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीजीएस एकेडमी की शुरुआत अच्छी रही। अमन वारसी ने नाबाद 80 व वसीम ने 44 रन बनाए। इन पारियों के बावजूद बात नहीं बनी और डीपीजीएस एकेडमी निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट खोकर 202 रन ही बना पाई। रुकमणी की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद उस्मान और कुशल यादव ने दो-दो विकेट लिए। रुक्मणी टीम ने यह मैच 52 रन से जीत लिया। प्लेयर ऑफ द मैच मो. उस्मान को चुना गया।
दूसरे मैच में पारकर एकेडमी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। पारकर की शुरुआत खराब रही, जल्दी विकेट गिरने के कारण टीम 40 ओवर पूरे नहीं खेल सकी। 35.1 ओवर में 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसमें आलोक यादव ने सर्वाधिक 33 व वीरप्पन ने 28 रन बनाए। स्प्रिंगफील्ड्स एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में वहाब और अंश यादव ने तीन-तीन विकेट चटकाए। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्प्रिंगफील्ड्स एकेडमी ने 18.1 ओवर में जीत हासिल कर ली। टीम के लिए अंश यादव ने नाबाद 70 रन ठोके। दूसरे छोर से इमरान ने नाबाद 67 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच अंश यादव को चुना गया। अंपायर की भूमिका में सतेंद्र कुमार, शमशाद अल्वी, खेम सिंह और जे पी सिंह रहे। स्कोरिंग चंद्रप्रताप व जोगेंद्र सिंह ने की। इस मौके पर पूर्व रणजी खिलाड़ी व डीएसए के सचिव विजय गुप्ता, कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, नितिन गुप्ता, प्रदीप टंडन, वैभव त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
24सीटीके10..सैनी स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में खेलती टीम। संवाद