ठाकुरद्वारा। नगर में शनिवार को लगने वाल वाले साप्ताहिक कपड़ा बाजार के दौरान तिकोनिया स्योहारा मार्ग पर पूरे दिन जाम लगा रहा। इसका कारण सड़क के दोनों साइड में अतिक्रमण और ओवरलोड वाहनों के चलने का कारण रहा ।बाजार में आने वाले दुकानदारों , फड़ वालों और ठेले वालों ने सड़क के दोनों तरफ अपनी दुकान लगा ली। जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई। वहीं बड़े ओवरलोड वाहनों के इस दौरान चलने से इस क्षेत्र में वाहन फंसने लगे। जिससे सुबह 9:00 बजे से ही इस मार्ग पर जाम लग गया। इस क्षेत्र में कदीर तिराहा, कपड़ा बाजार, कमलापुरी चौराहा, बाबूराम पाल द्वार, रतूपुरा चौराहा सहित 3 किलोमीटर लंबी सड़क पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। जिससे इस क्षेत्र में वाहनों को रेंग रेंग कर चलना पड़ा। 5 मिनट का सफर आधे घंटे से 1 घंटे में तय करना पड़ा। इससे लोगों को भारी परेशानी हुई। इस दौरान पुलिस का कोई कर्मचारी वहां दिखाई नहीं दिया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का कहना है कि शीघ्र अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। लोगों का कहना है कि जिस तरह पिछले शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान इस सड़क पर अतिक्रमण हटाया गया था उसी तरह यही व्यवस्था यदि प्रतिदिन लागू रहे तो जाम की स्थिति नहीं रहेगी।