मुरादाबाद। सपा सांसद रुचिवीरा ने बिलारी क्षेत्र में हिंदू छात्रा को बुर्का पहनाने के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यह मामला नाबालिग बच्चियों के बीच खेल-खेल में हुई बात भी हो सकता है लेकिन इसे साजिश का रूप दिया जा रहा है। इसलिए प्रशासन को इस घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। सपा सांसद ने प्रयागराज में चल रहे शंकराचार्य के मुद्दे पर भी अपनी राय रखते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा खुद को सनातन धर्म का रक्षक बताती है और दूसरी ओर देश के सर्वोच्च धर्मगुरुओं का अपमान कर रही है।
उन्होंने शंकराचार्य के शिष्यों के साथ पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र और धार्मिक स्वतंत्रता दोनों के खिलाफ है।
इसके अलावा सपा सांसद ने हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बयान का भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि गंगा केवल किसी एक धर्म की नहीं बल्कि पूरे देश और समाज की आस्था का प्रतीक है। सांसद ने तर्क दिया कि मुस्लिम समाज भी गंगा जल का उपयोग करता है और ऐसे बयान समाज को बांटने का काम करते हैं। ब्यूरो