मुरादाबाद। सिविल लाइंस पुलिस की कड़ी चौकसी के दावों के बीच चोरों ने एसएसपी आवास के पास में एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर के घर को निशाना बना लिया। चोरों ने नौ से 12 अक्तूबर के बीच कई दिनों तक खाली मकान से एसी, इन्वर्टर-बैटरी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। हैरानी की बात यह है कि पुलिस और सुरक्षाकर्मी की तैनाती के बावजूद यह वारदात नहीं रुक पाई। इस घटना के बाद सिविल लाइंस पुलिस पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
सिविल लाइंस स्थित पीलीकोठी चौराहे के पास आवास विकास कॉलोनी में अधिवक्ता डीके गुप्ता का घर है। उनकी पत्नी विजय गर्ग दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय से सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। डीके गुप्ता अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी का इलाज कराने बेटे मयंक गुप्ता के पास हैदराबाद गए हुए थे। उनके आवास में ताला लगा था। दस अक्तूबर को एक दुकानदार ने डीके गुप्ता को बताया कि नौ अक्तूबर की रात दो युवक उनके घर से सामान ले गए और दरवाजा खुला है। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा कंपनी से संपर्क कर एक चौकीदार रखवाया। ग्यारह अक्तूबर की रात चौकीदार ने दो चोरों को फिर घर में घुसते देखा। चौकीदार ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चोर उस पर हमला कर भाग गए। पड़ोसी द्वारा मकान चेक करने पर इन्वर्टर-बैटरी, पीतल के बर्तन, कपड़े, औजार और केबल गायब मिले। अकेले चौकीदार ने रुकने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद दो चौकीदार तैनात किए गए और पुलिस को सूचना दी गई। खास बात यह है कि पुलिस एसएसपी आवास के बगल में भी सतर्क नहीं रहती है। ऐसे में पूरे इलाके की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता होना भी लाजमी है। इस पॉश इलाके में लगातार घटनाएं हो रहीं हैं मगर पुलिस कुछ कर नहीं पा रही है। पुलिस की इस सुस्ती से लोगों में खौफ है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई हैं। आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। पुलिस जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
कई दिनों तक चला चोरी का सिलसिला
चोरों ने नौ अक्तूबर की रात पहली बार घर में सेंध लगाई। दस अक्तूबर को सूचना मिलने पर चौकीदार तैनात किया गया। ग्यारह अक्तूबर की रात चोरों ने दोबारा वारदात को अंजाम दिया। चोर चौकीदार पर हमला कर भाग गए थे। इसके बाद दो चौकीदार तैनात किए गए और पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और मकान स्वामी को आश्वासन दिया है कि पुलिस गश्त कर रही है चोरी नहीं होगी। बारह अक्तूबर को जांच करने पर एसी भी चोरी हो चुकी थी।