मोरा की मिलक पावर हाउस के पास गली नंबर दो निवासी अंकित कुमार ने बताया कि वह बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उनके पिता अधिवक्ता सूरज सिंह की एक सड़क में मृत्यु हो गई थी। अंकित ने बताया कि छजलैट के फतेहपुर विश्नोई में उनके मामा रहते हैं। फरवरी माह में ममेरी बहन की शादी है। बुधवार को लगन समारोह का कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए अंकित अपनी मां राजेश विश्नोई को साथ लेकर मंगलवार रात करीब आठ बजे मामा के घर फतेहपुर विश्नोई चले गए थे। रात में किसी समय चोरों ने गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए।
इसके बाद चोरों ने कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया लेकिन 25 साल पुराना ताला होने के कारण चोर ताला नहीं तोड़ पाए थे। इसके बाद चोर कुर्सियां लगाकर दरवाजे के ऊपर बने वेंटीलेटर (रोशनदान) के जरिए कमरे में घुस गए। इसके बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया और 10 तोले सोने और 50 तोले चांदी के जेवर के अलावा एक लाख 5 हजार रुपये की नकदी समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे आस पड़ोस के लोगों ने अंकित के मकान के ताले टूटे देख तो उन्हें फोन पर सूचना दी। इसकी जानकारी मिलने पर अंकित और उनकी मां घर आए। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि आस पड़ोस के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।