सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक में बुधवार रात चोरों ने जनसेवा केंद्र के ताले तोड़कर नकदी समेत करीब 6 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह जनसेवा केंद्र संचालक मौके पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई।
घटना और चोरों की तस्वीरें कैमरे की फुटेज में कैद हो गई हैं। चक्कर की मिलक निवासी मनोज मोहल्ले में ही जनसेवा केंद्र चलाते हैं। वह दुकान में मोबाइल भी बेचते हैं। बुधवार शाम वह जनसेवा केंद्र बंद करने के बाद अपने घर चले गए थे। रात में चोर ताले तोड़ कर जनसेवा केंद्र में अंदर घुस गए।
चोरों ने यहां से दराज से नकदी, मोबाइल, समेत अन्य सामान बटोर कर लिया। सुबह मनोज दुकान पर पहुंचे तो ताले टूट पड़े थे जबकि अंदर सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जिससे पता चला कि चोर दुकान के ताले और शटर तोड़कर अंदर घुसे थे।
इसके बाद वह दराज में रखी नकदी और यहां से तीन मोबाइल को एक थैली में भरते हैं। इसके बाद भाग जाते हैं। मनोज ने बताया कि चोर करीब छह लाख रुपये की कीमत का सामान बटोर ले गए हैं। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।