मझोला के बुद्धि विहार में रहने वाले एक सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर के बेटे की शादी से पहले उनके घर से अटैची में रखे तीन लाख रुपये चोरी कर लिए गए। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ मझोला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। नौकरानी पर चोरी का आरोप है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसएचओ मझोला हरीशचंद्र जोशी ने बताया कि बुद्धि विहार में डॉ. एसके अग्रवाल रहते हैं। वह हिंदु कालेज से सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर हैं। उनके घर में सुनवाती रसूलपुर मोहल्ले में रहने वाली महिला भूरी तीन साल से बतौर नौकरानी कार्यरत थी। एसोसिएट प्रोफेसर ने बताया कि उनके बेटे की हाल ही में शादी है। वह बैंक से रुपये निकालकर लाए थे। रुपये उन्होंने पहली मंजिल पर रखी अटैची में रखे थे।
लंबे समय से घर में काम करने के दौरान नौकरानी पर वह विश्वास कर बैठे थे। उसने अटैची में रुपये रखते हुए देख लिया था। आरोप है कि 9 फरवरी को एसोसिएट प्रोफे सर और उनका परिवार भूतल पर था। नौकरानी पहली मंजिल पर सफाई करने गई थी, इस दौरान उसने अटैची से तीन लाख रुपये चोरी किए और घर से चली गई। इसके बाद जब शादी के सामान की शॉपिंग के लिए एसोसिएट प्रोफेसर अटैची से रुपये लेने गए तो उन्हें चोरी का पता चला। इस संबंध में उन्होंने मझोला थाने में शिकायत कर रकम बरामद की मांग की है। एसएचओ मझोला हरीशचंद्र जोशी ने बताया कि नौकरानी से रकम चोरी के बारे में जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।