डिलारी। क्षेत्र के करनपुर-ठाकुरद्वारा मार्ग पर गांव पीपली उमरपुर में एक मिनी गैस एजेंसी और सौर पैनल की दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया। चोरों ने शटर के ताले चटकाकर गैस सिलिंडर, सौर पैनल और अन्य कीमती वस्तुएं चुरा लीं।
क्षेत्र के पीपली उमरपुर में गैस सिलिंडर बेचने वाला मौजम ने शनिवार शाम को दुकान बंद की थी। रविवार सुबह करीब आठ बजे लौटने पर उसे दुकान के शटर के ताले टूटे और शटर उखड़ा हुआ मिला। दुकान से 20 खाली भारत गैस सिलिंडर, ग्राहकों के 50 हजार रुपये और अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी था। दूसरे गोदाम से 80 सौर पैनल (580 वाट) और गैस ढुलाई का छोटा हाथी वाहन भी गायब मिला। चोरी हुआ छोटा हाथी वाहन बाद में ईंट-भट्ठे के पास खाली मिला, पर उसकी बैटरी गायब थी। पीड़ित ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र सिंह ने घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी है। संवाद