खाटू श्याम धाम से दर्शन कर लौटते समय अलीगढ़ से लापता हुए चारों युवक और कार चालक का अब तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि सूत्रों का दावा है कि युवकों को हापुड़ पुलिस ने वहां के उद्योगपति के घर से दो करोड़ के सोने की लूट के मामले में उठाया और पूछताछ की जा रही है।
हापुड़ पुलिस ने कटघर के बलदेवपुरी में इन युवकों की तलाश में दबिश भी दी थी। शनिवार को रोहित के घर में ताला लटका नजर आया है। कटघर के गोविंद नगर निवासी नितिन कुमार की स्विफ्ट डिजायर कार कटघर के बलदेवपुरी निवासी शिव कुमार के जरिये बलदेवपुरी बसंत विहार निवासी रोहित, नितिन और पीपलसाला निवासी सतीश और रिंकू ने बुक की थी।
तीन जून की दोपहर चारों युवकों को उनका चालक गोविंद नगर निवासी अभय भटनागर लेकर रवाना हुआ था। चार जून की सुबह करीब चार बजे इन लोगों ने दर्शन कर लिए थे और शाम करीब चार बजे रवाना हो गए थे लेकिन पांच जून की सुबह तक भी यह लोग मुरादाबाद नहीं पहुंच पाए थे।
सभी के मोबाइल बंद हो गए। आखिरी लोकेशन अलीगढ़ मिली थी। चारों युवक और चालक के परिवार ने कटघर थाने में तहरीर देकर युवकों की तलाश करने की मांग की। लापता युवकों में रोहित पिछले साल अक्तूबर माह में कटघर क्षेत्र में बजरंग दल कार्यकर्ता शोभित की हत्या के मामले में जेल भेजा गया था और करीब 15 दिन पहले ही जमानत पर रिहा हुआ था।
उधर, एक जून की रात हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में गिरधारी नगर मोहल्ला निवासी उद्योगपति एवं एटीएमएस कॉलेज के चेयरमैन नरेंद्र अग्रवाल के घर बदमाशों ने धावा बोलकर करीब दो करोड़ रुपये का सोना लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये कटघर में बलदेवपुरी निवासी रोहित के घर भी दबिश दी थी लेकिन रोहित और उसका भाई पुलिस को नहीं मिला था। परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद टीम चली गई थी। सूत्रों का दावा है कि खाटू श्याम से लौटते समय ही हापुड़ पुलिस ने चारों युवकों और चालक को अलीगढ़ से उठा लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि चारों युवकों और कार की तलाश की जा रही है। अब तक युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।