मुरादाबाद। हस्तशिल्प निर्यात संवर्द्धन परिषद (ईपीसीएच) की प्रशासनिक समिति के दो सदस्य पदों के चुनाव में नाम वापसी के बाद सेंट्रल रीजन से सिर्फ चार प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। आरोप प्रत्यारोप के कारण प्रत्याशियों के बीच रस्साकसी तेज हो गई है। प्रशासनिक सदस्यों के लिए मतदान ईमेल के माध्यम से 23 से 27 मार्च तक होगा।
ईपीसीएच की प्रशासनिक समिति (सीओए) के दो सदस्यीय पद के चुनाव के लिए सेंट्रल रीजन से पांच उम्मीदवार मैदान में आ गए थे लेकिन लघु उद्योग भारती के चेयरमैन अंशुल अग्रवाल ने अपना नाम वापस ले लिया। रिटर्निंग आफिसर मुकेश कुमार के अनुसार अब मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के महासचिव अवधेश अग्रवाल व डॉ. नीरज खन्ना, लघु उद्योग भारती (एलयूबी) से अब्दुल अजीम व हेमंत जुनेजा मैदान में रह गए हैं। इस मामले में प्रत्याशी अवधेश अग्रवाल का कहना है कि उनके साथ नीरज खन्ना ने हमेशा ट्रेड के लिए लड़ाई लड़ी है। आरोप है कि अब्दुल अजीम की फर्म विस्वा है लेकिन वह सीजीएमसी इंटरनेशनल फर्म से चुनावी मैदान में हैं।
इसके पहले भी अजीम प्रत्याशी रहे हैं लेकिन चुनाव हार गए थे। हेमंत जुनेजा तीन साल तक इस पद पर रहे हैं लेकिन उन्होंने संगठन के लिए कितना संघर्ष किया है। इधर लघु उद्योग भारती से जुड़े निर्यातक संघर्ष एक व्यक्ति नहीं पूरा संगठन करता है। उनका संगठन भी ट्रेड के लिए संघर्ष किया है। सीओए के लिए 23 से 27 मार्च तक निर्यातक ईमेल आईडी के माध्यम से मतदान करेंगे। 28 मार्च को परिणाम आएगा। सरकार की तरफ से चुनाव के लिए नोडल अधिकारी अधिकृत किए गए हैं।