मूंढापांडे। मुंडापांडे ब्लॉक के ग्राम भीतखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर के सुंदरीकरण व विकास की संभावनाएं बढ़ गई है। पिछले दिनों विधायक की मांग के बाद बुधवार को पर्यटन एवं संस्कृति पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों की टीम ने यहां आकर मंदिर का सर्वे किया।
कुंदरकी के विधायक रामवीर सिंह ने पिछले दिनों पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से मिलकर भीतखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर के सुंदरीकरण कराने की मांग की थी, करीब दो करोड़ रुपये मंदिर विकास परियोजना का प्रस्ताव दिया था, जिसमें बहुउद्देशीय हॉल, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, यात्री बेंच, म्यूरल, लैंडस्केपिंग आदि कार्य कराना शामिल था। इसी प्रस्ताव पर मंत्रालय ने कार्यवाही शुरू कर दी है। जिसके तहत बुधवार को यहां टीम पहुंची। जिसने मंदिर का सर्वे किया। सर्वे रिपोर्ट के बाद ही सुंदरीकरण व सुविधाओं के विकास का कार्य शुरू हो सकता है।
सर्वे टीम में शामिल एई (पर्यटन) सौरभ सिंह और आर्किटेक्ट सादिक खान ने ब्लॉक प्रमुख डॉ नवदीप यादव, जयवीर सिंह, प्रधान श्यामलाल, नेपाल सिंह, महेंद्र सैनी, विपिन, राकेश कुमारकी मौजूदगी में सर्वे किया। स्थानीय लोगों ने संभावना जताई कि मंदिर के सुंदरीकरण व सुविधाओं के विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।