कांठ। नगर अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी भीम आर्मी लिखी थार से कुचलकर पांच वर्षीय मिस्टी की माैत के मामले में आरोपी बना गए कार चालक को पुलिस ने थाने से जमानत देकर छोड़ दिया है। वहीं मंगलवार को पीड़ित परिवार के साथ भाजपाइयों का एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस से मिला और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला घोसीपुरा निवासी विवेक कुमार सैनी की बेटी व भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष/सभासद शीशपाल सैनी की पांच वर्षीय पौत्री मिष्टी रविवार शाम अपने घर के बाहर स्लैव पर खड़ी थी। इसी दौरान नगर अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी भीम आर्मी लिखी तेज रफ्तार थार कार ने उसे टक्कर मारते हुए कुचल दिया था। जिससे मासूम मिष्टी की मौत हो गई थी। हादसे से आक्रोशित भीड़ ने कार को घेरकर चालक सहित उसमें सवार तीन युवकों को बाहर खींचकर धुनाई करते हुए कार में भी तोड़फोड़ की थी और युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया था।
बच्ची के पिता विवेक कुमार सैनी की तहरीर पर पुलिस ने थार कार चालक अब्दुल्ला, मोहम्मद आदम निवासी मोहल्ला घोसीपुरा कस्बा कांठ और बाबू निवासी मोहल्ला चौकबाजार कांठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने थार चालक और उसके साथियों को थाने से ही जमानत देकर रिहा कर दिया। एसएचओ सुदेशपाल का कहना है कि थार चालक पर दर्ज कराया गया मामला सात वर्ष से कम सजा का है, इसलिए आरोपियों को नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया गया।
मंगलवार को पीड़ित परिवार के लोग भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ कांठ थाने पहुंचे और इस मामले में चल रही कार्रवाई के बारे में पुलिस से जानकारी ली। यहां भाजपाइयों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और उनका चालान किए जाने की मांग की। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अनुज विश्नोई, मंडलाध्यक्ष अंकुश कुमार चौहान, पूर्व मंडलाध्यक्ष राजपाल सिंह प्रजापति, मंडल उपाध्यक्ष शीशपाल सैनी, सहकारी समिति के सभापति सचिन चौहान बंटी, भाजपा किसान मोर्चा मंडलाध्यक्ष सुनील चौहान, विवेक कुमार सैनी, अम्बरीश शर्मा आदि रहे।