देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन बीएफ.7 के केस मिलने के बाद प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग की सैंपलिंग टीम सक्रिय नहीं है। विभाग ने हर दिन पांच सौ लोगों की सैंपलिंग का दावा किया है। जबकि हकीकत में मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर टीम ही नहीं पहुंची। वहीं मुरादाबाद बस अड्डे से टीम दो घंटे में ही लौट गई।
कोरोना के नए वैरिएंट के खौफ बढ़ रहा है। इस असर कोरोना की जांच और टीकाकरण पर पड़ा है। टीकाकरण कराने वालों की संख्या बढ़ी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कागजाें में शहर के 26 अरबन पीएचसी, आठ सीएचसी-पीएचसी के अलावा रेलवे स्टेशन, मुरादाबाद बस अड्डे और जिला अस्पताल में कोविड की जांच की जा रही है। जबकि वास्तविकता में अरबन पीएचसी में कोविड जांच नहीं हो रही है। सीएचसी-पीएचसी में भी जांच कम ही हो रहे है। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर टीम कभी कभार ही पहुंचती है। मंगलवार को टीम मुरादाबाद बस अड्डे पर सुबह 11 बजे पहुंची और दोपहर एक बजे ही लौट गई, जबकि सैंपलिंग का समय सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक है। वहीं रेलवे स्टेशन पर टीम नहीं दिखी। ऐसे में विभाग के पांच सौ सैंपलिंग के दावे पर सवाल उठने लगे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में हुए 26 सैंपल
- पंचायत भवन के पास सैंपलिंग करने वाली टीम की ड्यूटी जिला अस्पताल की ओपीडी में लगा दी गई है। यहां सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक टीम सैंपलिंग करेगी। मंगलवार को टीम ने 26 लोगों के सैंपल लिए। इसके अलावा अस्पताल भर्ती होने वाले 47 मरीजों का सैंपल लिया गया।
कल डीएम करेंगे तैयारियों की समीक्षा
- प्रदेश में अलर्ट जारी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कोविड को लेकर क्या-क्या तैयारियां की है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को बैठक बुलाई गई। बैठक में डीएम तैयारियों की समीक्षा करेंगे
- कोविड को लेकर विभाग अलर्ट है। कोरोना की जांच के लिए रोजाना औसतन पांच से छह सौ लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। अभी अरबन पीएचसी में कोविड जांच नहीं हो रही है। शहर में तीन जगहों पर ही कोविड की जांच हो रही है। इसके अलावा सीएचसी-पीएचसी पर भी जांच हो रही है। - डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, जिला सर्विलांस अधिकारी