फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: 15 हजार का लक्ष्य, तीन हजार ही हो सका सीवर कनेक्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। कांठ रोड और आसपास के इलाकों में स्थित 15 हजार घरों को सीवर कनेक्शन पाने के लिए अभी और समय लगेगा। चक्कर की मिलक में बना 25 एमएलडी क्षमता का नया एसटीपी तैयार हो चुका है और फिलहाल ट्रायल पर चल रहा है लेकिन सीवर कनेक्शन देने की रफ्तार बेहद धीमी है। जल निगम ने दिसंबर तक सभी 14586 कनेक्शन एसटीपी से जोड़ने का लक्ष्य रखा था मगर अब तक केवल करीब तीन हजार घरों में ही कनेक्शन दिया जा सका है।
विज्ञापन

अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी परीक्षण और सड़क की खोदाई में अपेक्षा से अधिक समय लग गया जिसके कारण काम निर्धारित समय पर पूरा होने की उम्मीद कम है। अब लक्ष्य फरवरी के मध्य तक सभी कनेक्शनों को एसटीपी से जोड़ने का रखा गया है। एसटीपी के शुरू होने का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि कांठ रोड और उससे जुड़ी कॉलोनियों में बरसात के दौरान होने वाला जलभराव काफी हद तक खत्म हो जाएगा क्योंकि कांठ रोड के पांच बड़े नालों को एसटीपी से जोड़ दिया गया है। इसके साथ ही लोगों को सीवर के कनेक्शन भी प्राप्त हो जाएंगे जिससे उन्हें पुराने टैंक पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
रामगंगा विहार, आशियाना, दीनदयाल नगर, हिमगिरी, झांझनपुर, आदर्श कॉलोनी, हरथला, मोरा मिलक, प्रेमनगर, भटावली, विद्यानगर और काजीपुरा आदि इलाकों में सीवर कनेक्शन देने का काम किया जा रहा है। एसटीपी का निर्माण वर्ष 2022 में शुरू किया गया था और इसे जनवरी 2025 तक चालू होना था लेकिन जमीन चिह्नित करने में देरी, तकनीकी प्रक्रियाओं और निर्माण की धीमी गति के कारण काम काफी लगभग छह महीने पीछे चला गया।
विज्ञापन

फिलहाल एसटीपी का लगभग पूरा ढांचा तैयार है और ट्रायल जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन परीक्षण और अंतिम समायोजन पूरा होने के बाद इसका नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जल निगम के अधिशासी अभियंता मोहित राय के अनुसार अबतक तीन हजार कनेक्शन दिए जा चुके हैं। कनेक्शन देने की रफ्तार को और भी बढ़ाया जाएगा ताकि फरवरी तक सभी कनेक्शन को एसटीपी से जोड़ दिया जाए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें