मुरादाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सोनकपुर स्टेडियम में सोमवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हैंडबाॅल प्रतियोगिता खेली जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी 18 मंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। करीब 300 खिलाड़ी और अधिकारी इस प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे। इस प्रतियोगिता को लेकर स्टेडियम में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मैदान की लाइटिंग, कोर्ट मार्किंग और खिलाड़ियों के रुकने व उनके भोजन तक के सभी प्रबंधों को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए खेल विभाग और जिला हैंडबॉल संघ ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। स्टेडियम परिसर में स्थित हॉस्टल में खिलाड़ियों और सर्किट हाउस में अधिकारियों को ठहरने के लिए कमरों का आवंटन कर दिया गया है। रविवार की शाम से ही खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि आयोजन से पहले हैंडबॉल कोर्ट की मार्किंग और गोलपोस्ट की मजबूती की जांच विशेष रूप से की गई है। वहीं जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. अजय पाठक ने कहा कि आयोजन के लिए बनी तकनीकी टीम ने रेफरी पैनल, लाइन जज और स्कोरिंग टीम की सूची भी तैयार कर ली है। प्रतियोगिता नॉक आउट फॉर्मेट में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता से न केवल जिला स्तर पर हैंडबॉल को नया आयाम मिलेगा बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
00
- प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमें
लखनऊ, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, बरेली, सहारनपुर, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, झांसी, बांदा (चित्रकूट), देवीपाटन (गोंडा), अयोध्या, आजमगढ़, बस्ती और मिर्जापुर मंडल।
00
- घोषित हुई मुरादाबाद मंडल की टीम
सोनकपुर स्टेडियम में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली मुरादाबाद मंडल की टीम की घोषणा भी कर दी गई है। एसोसिएशन के सचिव डॉ. पाठक के अनुसार चयनित टीम में बलवंत सैनी (कप्तान), अमित शुक्ला, विकास कुमार, अजय, विनोद लोदी, गंगा, निकिल कुमार, आयुष कुमार, मयंक भारती, आशीष कुमार, शिवांशु (सभी मुरादाबाद) और मो. रजा (अमरोहा) को जगह मिली है। वहीं टीम मैनेजर की जिम्मेदारी राजेंद्र सैनी को सौंपी गई है।