मुरादाबाद। लोधीपुर मोहल्ला इन दिनों गंदगी, बदहाल नालियों और उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। वार्ड संख्या-10 काजीपुरा में पड़ने वाले इस मोहल्ले में हालात ऐसे हैं कि न तो बच्चों के खेलने के लिए साफ मैदान बचा है और न ही आम लोगों को गंदगी से राहत मिल पा रही है। मोहल्ले का एकमात्र मैदान कूड़े-कचरे से पटा हुआ है जिससे वह मैदान कम डंपिंग ग्राउंड ज्यादा बन गया है। नतीजा यह है कि बच्चों के खेलने के लिए कोई जगह नहीं बची है।
मोहल्ले में रहने वाले लोगों का आरोप है कि नालियां महीनों से साफ नहीं हुई हैं। जगह-जगह नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है जिससे दुर्गंध और फिसलन बनी रहती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। लोगों का यह भी कहना है कि नालियों की सफाई छह-छह महीने में एक बार होती है वह भी औपचारिकता भर। कई जगह नालियां पूरी तरह जाम हैं लेकिन कोई भी सफाईकर्मी सफाई के लिए नहीं पहुंचा है।
लोगों के अनुसार मोहल्ले में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन भी नियमित नहीं है। कचरा वाहन कई-कई दिनों तक मोहल्ले में नहीं पहुंचता जिससे लोग मजबूरी में खुले में कूड़ा फेंकने लगते हैं। मैदान और सड़क किनारे कूड़े के ढेर लग रहे हैं। गंदगी के कारण छुट्टा जानवरों का भी जमावड़ा लगा रहता है जिससे कई बार हादसे भी हो चुके हैं। शाम होते ही बदबू और मच्छरों का प्रकोप भी फैल जाता है।
स्थानीय निवासी राजू, श्याम और रंगलाल का कहना है कि पार्षद और नगर निगम के कंट्रोल रूम में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन न तो मौके पर कोई देखने आता है और न ही समस्या का समाधान होता है। लगातार अनदेखी हो रही है। लोगों की मांग है कि नालियों की नियमित सफाई होनी चाहिए और डोर टू डोर कूड़े का कलेक्शन भी होना चाहिए।
- क्या बोले स्थानीय निवासी
- पूरे मोहल्ले में एक भी मैदान या पार्क नहीं है जहां बच्चे खेल सकें। एक ही मैदान है जिसपर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। मैदान में सफाई हो जाती तो बच्चों के खेलने के लिए अच्छी जगह मिल जाती। - राहुल प्रजापति
- सफाई का काम बिल्कुल भी नहीं होता है। पार्षद या कंट्रोल रूम में शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं होती है। नालियों की सफाई भी छह-छह महीने में हो रही है। - अमजद हुसैन
- डोर टू डोर कूड़े का कलेक्शन नहीं हो रहा है। कई लोग खुलेआम मैदान में कूड़ा फेंक रहे हैं। गंदगी की वजह से छुट्टा जानवरों का भी आतंक रहता है। सफाई चौपट है। - साहिल खान
- नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। नालियों की सफाई महीनों से नहीं हुई है। कई बार सब शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई भी यहां देखने के लिए भी नहीं आया है। - अनस
वर्जन
हर वार्ड में सफाईकर्मी हैं और लगातार सफाई होती है। कूड़े का कलेक्शन करने वाली गाड़ी भी हर वार्ड में घूमती है। कुछ गलियों में गाड़ियों के जाने का रास्ता नहीं होता है वहीं कलेक्शन का काम प्रभावित होता है लेकिन स्थानीय लोग खुद कचरा वाहन तक पहुंचा देते हैं। - विनोद अग्रवाल, महापौर