अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। पिछले पांच दिन में तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट के बाद जिले में टीबी और सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। सुबह-शाम बढ़ी ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार से जिला अस्पताल में टीबी के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इस समय जिला अस्पताल के टीबी वार्ड में 25 मरीज भर्ती हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
जिला अस्पताल में बुधवार को ओपीडी में 1563 मरीज उपचार करवाने के लिए पहुंचे। इनमें से विभिन्न परेशानियों को लेकर 103 मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती किया गया। इसमें से छह मरीज सांस की परेशानी से संबंधित थे।
वरिष्ठ परामर्शदाता टीबी एंड चेस्ट डॉ. प्रदीप वाष्र्णेय ने बताया कि तापमान में गिरावट के अलावा पिछले दिनों शहर के वातावरण में धुंध छाई हुई थी। इसलिए सांस और टीबी के रोगियों की समस्या बढ़ी है। वार्ड में टीबी के 25 मरीज भर्ती हैं। वहीं दस मरीज सांस की परेशानी से संबंधित भर्ती हैं। सांस रोगियों में पुरुषों की संख्या ज्यादा है, जबकि टीबी रोगियों में महिलाओं की संख्या लगभग बराबर है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं में टीबी के प्रमुख कारणों के साथ हीमोग्लोबिन की कमी, प्रसव के समय शारीरिक कमजोरी, पौष्टिक खान-पान में कमी आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 25 मरीजों में से पांच मरीज संभल जनपद के हैं। उन्होंने कहा कि यदि वातावरण में एक्यूआई निर्धारित मानक से अधिक हो तो मरीज बहुत ज्यादा जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और मास्क जरूर पहनें। नियमित दवाइयां लें। तरल पदार्थ में गुनगुना पानी और सूप का सेवन करें।