मुरादाबाद। कोरोना का असर हरिद्वार में चल रहे महाकुंभ तक हो रहा है। एक ओर सामान्य दिनों में जहां ट्रेन से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या 30 से 35 हजार प्रतिदिन रहती थी। वहीं 12 अप्रैल को शाही स्नान के मौके पर यह संख्या एक तिहाई से भी कम रहेगी। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार 12 अप्रैल के दिन विभिन्न ट्रेनों से कुल 10 हजार 653 यात्री हरिद्वार आएंगे।
12 अप्रैल को सोमवती अमावस्या और 14 अप्रैल को बैसाखी पर हरिद्वार महाकुंभ में शाही स्नान होगा। सोमवती अमावस्या के बाद 14 अप्रैल के शाही स्नान पर यात्रियों की संख्या और भी कम रहेगी। कोरोना संक्रमण के बढ़ने से यात्रियों में सतर्कता देखी जा सकती है। एक अप्रैल से आठ अप्रैल के बीच मुरादाबाद मंडल में चार हजार 826 यात्री अपना रेल टिकट रद्द करा चुके हैं। वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड सरकार भी कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गाइडलाइन जारी कर चुकी है। इसके मुताबिक कोरोना निगेटिव रिपोर्ट यात्री के पास होने पर ही उसे कुंभ क्षेत्र में प्रवेश दिया जा रहा है। शर्त यह भी है कि कोरोना निगेटिव रिपोर्ट 72 घंटे से पुरानी न हो। इसके लिए रेलवे हरिद्वार के लिए टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के मोबाइल पर दो-दो बार यह संदेश भेज रहा है, जिससे यात्री समय रहते कोरोना जांच करा सकें। साथ ही टीटीई स्टाफ भी यात्रियों को इसके लिए सतर्क कर रहा है। डीआरएम तरुण प्रकाश के मुताबिक उत्तराखंड सरकार की एसओपी में गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और 65 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को कुंभ मेले में न आने की सलाह दी गई है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक हरिद्वार की दिशा में चलने वाली सभी ट्रेनें बहाल कर दी गई हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए और हरिद्वार से यात्रियों को निकालने के लिए उत्तराखंड सरकार के निर्देशों पर कुछ अनारक्षित ट्रेनों को चलाने की तैयारी भी रेलवे ने की है।
ट्रेनों से आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या
तारीख आने वालों की संख्या जाने वालों की संख्या
12 अप्रैल 10 हजार 653 10 हजार 485
13 अप्रैल आठ हजार 490 10 हजार 630
14 अप्रैल पांच हजार 766 12 हजार 236
15 अप्रैल तीन हजार 917 12 हजार 86
16 अप्रैल तीन हजार 896 आठ हजार 903
कुंभ मेले में आने वाले और जाने वाले यात्रियों की संख्या के मुताबिक रेलवे की तैयारी पूरी है। हरिद्वार स्टेशन पर ज्यादा भीड़ न हो इसके ज्वालापुर स्टेशन को अतिरिक्त ठहराव बनाया गया है। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र से यात्रियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए 20 अनरक्षित ट्रेनें चलाने के निर्देश उत्तराखंड सरकार की ओर से मिले हैं। रेलवे ने 25 ट्रेनें चलाने की तैयारी की है।
- रेखा शर्मा, सीनियर डीसीएम