बिलारी। तहसील बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारी मंगलवार सुबह एसडीएम विनय कुमार सिंह से मिले और वकीलों की समस्याएं बताईं।
तहसील बार एसोसिएशन के नए अध्यक्ष विनय कुमार सिंह के साथ उपाध्यक्ष आरिफ मोहम्मद पाशा, सचिव सुनील कुमार और कोषाध्यक्ष जबर सिंह आदि पदाधिकारी एसडीएम से मिले।
इस दौरान तहसील परिसर में वकीलों के चेंबरों के सामने वादकारियों की बाइकें खड़ी होने से निकलने में आ रहीं दिक्कतें, तहसील के मुख्य गेट के सामने हाईवे पर स्पीड ब्रेकर न बनने, तहसील परिसर में सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई न होने आदि समस्याएं बताईं। बार पदाधिकारियों ने एसडीएम को यह भी बताया कि तहसील की राजस्व अदालतों में पंजीकृत बैनामों के दाखिल खारिज की फाइलों में साक्ष्य पूरा होने के बावजूद निर्धारित समय सीमा में आदेश नहीं हो पा रहे हैं।
उधर उद्योग व्यापार मंडल बिलारी के अध्यक्ष संजय जैन के साथ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने तहसील पहुंचकर बार एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों को फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।