मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के संचालन की तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को डोमेन मिलने पर विश्वविद्यालय की वेबसाइट का नाम तय हो जाएगा। इसके बाद सम सेमेस्टर परीक्षा और नए सत्र के दाखिला कार्यों में तेजी आएगी। कुलपति का कहना है कि इसी सप्ताह से पॉलीटेक्निक में कार्यालय भी शुरू हो जाएगा।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से नए साल की शुरुआत में ही स्टाफ आ गया था। इसके बाद से गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के संचालन के कार्यों में तेजी आई है। कर्मचारी कॉलेजों के संबद्धीकरण के अलावा डाटा एकत्र करने का कार्य कर रहे हैं। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी का कहना है कि सोमवार को वेबसाइट डोमेन नाम आ जाएगा। इसके बाद जल्द ही डिजायन कर वेबसाइट तैयार कर ली जाएगी। मुरादाबाद मंडल के 358 कॉलेजों की सूची कुलपति को बरेली विश्वविद्यालय से मिली थी। यह सभी कॉलेज अब गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध होंगे।
राजकीय पॉलीटेक्निक में कुलपति का अस्थायी कार्यालय और आवास का निर्माण किया जा रहा है। कार्यालय निर्माण पूरा होने का कार्य अंतिम चरण में है। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी के मुताबिक जो शेष कार्य है, वह मंगलवार या बुधवार तक हो जाएगा। इसके बाद पॉलीटेक्निक से ही कार्यालय संचालित किया जाएगा।
-
सम सेमेस्टर परीक्षा की तैयारी
महाविद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र में होने वाले दाखिला भी मुरादाबाद विश्वविद्यालय से ही होने हैं। इसके साथ ही पिछले दिनों मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में सम सेमेस्टर परीक्षा करवाने पर भी चर्चा हुई थी। कुलपति भी कह चुके हैं कि शासन की मंशा के अनुरूप सम सेमेस्टर परीक्षा करवाई जाएगी। ऐसे में वेबसाइट बनने के बाद परीक्षा और दाखिला के कार्यों को भी गति मिलेगी।
-