ठाकुरद्वारा। जलालपुर खालसा पुलिस चौकी के पास से गांव तुमड़िया कलां तक तीन किलोमीटर लंबी सड़क की हालत जल्द सुधरने की उम्मीद है। बुधवार को सपा सांसद रुचि वीरा ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
तुमड़िया कलां में शिलान्यास समारोह के दौरान बताया गया कि सड़क का यह काम त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत किया जाएगा। इस काम पर तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क का यह काम ढेला नदी के पुल तक होगा।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों द्वारा काफी समय से इस सड़क के सुधार की मांग की जा रही थी। इस काम के पूरा हो जाने से क्षेत्र के कई गांव के लोगों को लाभ मिलेगा। रामपुर आने-जाने में भी सुविधा बढ़ेगी। इस अवसर पर डॉ. अय्यूब अली, महमूद हसन सैफी, तोहिद अहमद आदि मौजूद रहे।