नगर विधायक रितेश गुप्ता ने उप निबंधक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। आरोप लगाया कि सब रजिस्ट्रार निबंधक सर्किल रेट से अधिक दो प्रतिशत घूस मांगते हैं। उन्होंने डीएम से भी इस मामले में लिखित शिकायत की है।
विधायक रितेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि मुरादाबाद निबंधक कार्यालय में तैनात उप निबंधक प्रथम जयप्रकाश की कार्यप्रणाली से लोग परेशान हैं। जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित सर्किल शुल्क से दो प्रतिशत अधिक पैसों की मांग की जाती है। यदि कोई व्यक्ति रकम देने से मना करता है तो उसको नोटिस भेज कर झूठी कार्रवाई का डर दिखाता है और उनसे वसूली करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से उप निबंधक प्रथम जयप्रकाश के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए जिले से बाहर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है। इस बारे में डीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि विधायक की शिकायत मिली है। इस मामले में एडीएम वित्त एवं राजस्व से आरोपों की जांच कराई जाएगी। उप निबंधक जयप्रकाश से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका नंबर नहीं उठा। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि उप निबंधक जय प्रकाश सरकारी कार्य से लखनऊ गए हैं।