कांठ। स्थानीय सपा विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा क्षेत्र के खादर इलाके के गांवों में बिजली आपूर्ति का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में खादर के ग्रामीणों को नियमानुसार बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि खदर इलाके के अंतर्गत उनके यहां करीब 70 से 80 गांव आते हैं, जहां वर्षों से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था मांग के अनुरूप सुदृढ़ नहीं की गई है। बढ़ती आबादी, कृषि कार्यों में बिजली निर्भरता के साथ ही घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शनों में लगातार वृद्धि के कारण मौजूदा बिजलीघर और लाइनें अधिक ओवरलोड हो चुकी हैं, जिसके चलते क्षेत्रवासियों को बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और फाल्ट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है और किसानों की सिंचाई प्रभावित होती है। वहीं छात्रों की पढ़ाई बाधित होती है और छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने खादर क्षेत्र में 33/11 केवी के नए बिजली घर की स्थापना की मांग की। कहा कि नया बिजलीघर स्थापित होने से लोड का विभाजन होगा, वोल्टेज की समस्या समाप्त होगी, ग्रामीण क्षेत्रों को स्थाई एवं सुचारू बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
उन्होंने मांग की कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र तकनीकी सर्वे कराकर स्वीकृति प्रदान की जाए।