मुरादाबाद। कोरोना पाजिटिव युवती के संपर्क में रहे प्रदेश के एक मंत्री के दो रिश्तेदारों ने सोमवार को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती होने से इंकार कर दिया। दोनों रिश्तेदारों को सैंपल लेने अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन ने रिश्तेदारों को काफी समझाया गया लेकिन उन्होंने इस तरह की हनक दिखाई कि उनके सैंपल नहीं हो सके। वहीं, पाजिटिव युवती की सोमवार को पहली सैंपल रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट में संशय होने के कारण मंगलवार को उसी सैंपल को दोबारा जांच में लगाया जाएगा। युवती का दूसरा सैंपल भी सोमवार को जांच के लिए भेज दिया है।
मूंढापांडे क्षेत्र की कोरोना पाजिटिव युवती प्रदेश के मंत्री की रिश्तेदार है। 19 साल की युवती फ्रांस में पढ़ाई करती है। फ्रांस से लौटने के बाद बुखार और खांसी होने पर उसे 19 मार्च को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। जांच रिपोर्ट में युवती कोरोना पाजिटिव आई। मुरादाबाद का पहला पाजिटिव केस होने से स्वास्थ्य विभाग ने युवती के संपर्क में आए मंत्री के परिवार के पांच सदस्य और घर में काम करने वाले दो लोगों की स्क्रीनिंग कर होम क्वारंटीन कर दिया। पड़ोस की एक युवती का सैंपल लिया गया, जो कि निगेटिव आया।
सोमवार को युवती की पहली सैंपल रिपोर्ट आने के साथ दूसरा सैंपल लिया गया। सैंपल के लिए मंत्री के दो रिश्तेदारों को भी एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया लेकिन इन दोनों नेे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती होने से इंकार कर दिया। जिसके बाद दोनों रिश्तेदारों के सैंपल नहीं हो सके। अस्पताल सूत्रों ने बताया जा रहा कि रिश्तेदारों ने खुद को वीआईपी होने का हवाला दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने दोनों को काफी समझाया और दूसरे लोगों के लिए भी खतरा बताया। लेकिन दोनों राजी नहीं हुए।
एपीडेमोलोजिस्ट अजीजुर्रहमान ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की गाइड लाइन के अनुसार पाजिटिव केस वाले मरीज के लगातार दो सैंपल और उसके संपर्क में आए लोगों के सैंपल करने का प्रावधान है। युवती के दोनों सैंपल की रिपोर्ट मंगलवार को आ जाएगी। इसमें सैंपल लेने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने का नियम है। मंत्री के रिश्तेदार पूरी तरह स्वस्थ हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार ही रिश्तेदारों का सैंपल के लिए बुलाया गया। उधर स्वास्थ्य विभाग ने इस बाबत जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है।
- कोरोना पाजिटिव युवती का सोमवार को दूसरा सैंपल लिया गया। पहले सैंपल रिपोर्ट में संशय है। मंगलवार को दोनों रिपोर्ट आ जाएंगी। डब्ल्यूएचओ के प्रोटोकॉल में युवती के संपर्क में आए दो लोगों को सैंपल के लिए बुलाया गया। अस्पताल में भर्ती होने से इंकार करने पर उनका सैंपल नहीं हुआ। इसी रिपोर्ट भी भेज दी गई है। - अजीजुर्रहमान, एपीडेमोलोजिस्ट