मुरादाबाद। दुबई से लाैटे चौथे तस्कर मुत्तलीब के पेट से बुधवार को एक और कैप्सूल निकाला गया। चारों तस्करों के पेट से सोने के कुल 29 कैप्सूल निकले, जिनका वजन एक किलो 100 ग्राम से अधिक है। बुधवार शाम पुलिस ने आरोपी मुत्तलीब को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं सोना तस्करी गिरोह से जुड़े दो अन्य फाइनेंसरों और एक डाॅक्टर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रामपुर जिले के टांडा निवासी मो. नावेद और जाहिद 23 मई को सऊदी अरब से लौटे थे। दिल्ली एयरपोर्ट से उन्हें टांडा निवासी कार चालक जुल्फेकार लेकर घर लाैट रहा था। तभी कार में दुबई से लौट रहे शाने आलम, मुत्तलीब, अजहरुद्दीन और जुल्फेकार सवार हाे गए थे। मुरादाबाद में हाईवे पर बदमाशों ने सभी का अपहरण कर लिया था, क्योंकि बदमाशों को दुबई से लाैटे लोगों के पेट में सोना होने की पुख्ता सूचना मिली थी।
मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर सभी को सकुशल छुड़ा लिया था। बदमाशों के बताने पर जब पुलिस ने विदेश से लाैटे लोगों की जांच कराई तो दुबई से आए चारों लाेगों के पेट में सोने के कैप्सूल होने की पुष्टि हुई। सोमवार को डाॅक्टरों की टीम ने तस्करों के पेट से 27 कैप्सूल निकाल लिए थे। इसके बाद तीन तस्करों को जेल भेज दिया गया था। आरोपी मुत्तलीब के पेट में दो कैप्सूल बाकी रह गए थे, इसलिए उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मुत्तलीब के पेट से मंगलवार के बाद बुधवार को भी एक कैप्सूल निकला। इस प्रकार चारों तस्करों के पेट से सोने के कुल 29 कैप्सूल निकले। बुधवार को आरोपी मुत्तलीब को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस मामले में तीन तस्कर और एक फाइनेंसर जाहिद मेंबर को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही सोना तस्करी के पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।