नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की रेलवे प्रशासन के साथ स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई। इसमें कर्मचारियों की पदोन्नति, रुके हुए भुगतान, रेलवे अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति, कॉलोनियों के रखरखाव समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने पहले दिन 30 मुद्दों पर चर्चा की।
इनमें से 18 मुद्दों पर सहमति बनी। यूनियन के मंडल मंत्री राजेश चौबे ने कहा कि एचआरएमएस में अवकाश की त्रुटि को ठीक किया जाए। रेलवे आवासों की मरम्मत एवं कॉलोनी के रखरखाव की सुचारू व्यवस्था की जाए। ट्रैक मेंटेनरों को नए उपकरण दिए जाएं। कर्मचारियों को मिलने वाले सेफ्टी शूज, पानी की बोतल समय से दिए जाएं। जिस वर्ष उनको नहीं दिए गए हैं, उसका भुगतान वेतन में किया जाए। रनिंग रूम व टीटीई रेस्ट हाउस में अच्छी सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सभी गेटों पर फेंसिंग कराई जाए। बिजली, पानी व शौचालय की व्यवस्था की जाए। मुरादाबाद मंडल के सभी कार्यालयों में एसी लगवाए जाएं। एनपीएस से ओपीएस में आए कर्मचारियों के फंड को भविष्य निधि खाते में ट्रांसफर किया जाए। एक्सीडेंट फ्री अवार्ड का भुगतान सेवानिवृत्ति पर किया जाए। पुराने बैकलॉग का शीघ्र निपटान किया जाए।
रेलवे अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरा जाए। बढ़े हुए चिल्ड्रन एजुकेशन एलाउंस का भुगतान किया जाए। कार्यालयों में महिला कर्मचारियों के लिए अलग शौचालय व चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाए। पुराने फिट मीमू के नाम पर कर्मचारियों का उत्पीड़न न किया जाए। रनिंग कर्मचारियों को लगातार तीसरी रात गाड़ी वर्किंग न कराई जाए। 1800 और 1900 ग्रेड पे में कार्यरत ट्रैकमैन जिनकी सेवा आठ वर्ष हो गई है। उन्हें इंटेक कोटा के तहत 10 प्रतिशत ट्रैकमैनों को दूसरे विभाग में समायोजित किया जाए। फीमेल वार्ड में रात्रि में महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। रेल आवासों में ओपन लाइन पर इलेक्ट्रिक चार्ज फिक्स कर दिए गए थे, अब हेड क्वार्टर ने मीटर रीडिंग से बिल के अनुसार चार्ज करने के आदेश किए हैं। आदेश की तिथि से डिफरेंस वापस किया जाए।
बैठक में नरमू के केंद्रीय उपाध्यक्ष एमपी चौबे, मंडल मंत्री राजेश चौबे, मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, सहायक मंडल मंत्री सुहेल खालिद, एके सिंघल, नरेंद्र त्यागी, मंजू बिष्ट, मोहित गुप्ता, आईवन एडिसन आदि रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से डीआरएम राजकुमार सिंह, एडीआरएम राकेश कुमार, सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह, सीनियर डीईएन (सी) परितोष गौतम, सीनियर डीपीओ अजय सोयल आदि मौजूद रहे।