मुरादाबाद। तीन दिवसीय 28वीं अंतर्वाहिनी पीएसी पश्चिम जोन की हॉकी प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन मेजबान मुरादाबाद की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 24वीं वाहिनी पीएसी के हॉकी मैदान पर शुरू हुई प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पीएसी बरेली अनुभाग की डीआईजी शालिनी ने फीता काटकर किया।
प्रतियोगिता में पहले दिन कुल छह मुकाबले खेले गए, जिसमें आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली, 28वीं वाहिनी पीएसी इटावा, 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़, 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद, 24वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद और 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा की टीम ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मेजबान टीम के अजय राणा और अजय तोमर ने दो-दो गोल दागकर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
इससे पहले मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहीं पश्चिम जोन की 14 टीमों व टीम मैनेजरों से परिचय भी प्राप्त किया। मुख्य अतिथि का स्वागत आयोजन सचिव सेनानायक रमेश कुमार गुप्ता ने किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर नौवीं वाहिनी के उप सेनानायक वंशराज यादव, 24वीं वाहिनी के सहायक सेनानायक विक्रांत द्विवेदी, शिविरपाल मो. हकीमुद्दीन, सुबेदार मेजर राहुल शर्मा, सहायक शिविरपाल विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।
यह रहा नतीजा
मैच - विजेता - अंतर
आठवीं वाहिनी बरेली बनाम नौवीं वाहिनी मुरादाबाद - आठवीं वाहिनी बरेली- 3-0
28वीं वाहिनी इटावा बनाम छठवीं वाहिनी मेरठ - 28वीं वाहिनी इटावा - 4-0
38वीं वाहिनी अलीगढ़ बनाम 45वीं वाहिनी अलीगढ़ - 38वीं वाहिनी अलीगढ़ - 6-0
47वीं वाहिनी गाजियाबाद बनाम 44वीं वाहिनी मेरठ - 47वीं वाहिनी गाजियाबाद - 2-1
24 वीं वाहिनी मुरादाबाद बनाम 41वीं वाहिनी गाजियाबाद - 24वीं वाहिनी मुरादाबाद - 6-0
15वीं वाहिनी आगरा बनाम 23वीं वाहिनी - 15वीं वाहिनी आगरा - 3-1