ठाकुरद्वारा। रामलीला मैदान में स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय भवन का सोमवार को जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. बीएस मलिक ने अपनी टीम के साथ निरीक्षण किया।उन्होंने बताया कि जल्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से होम्योपैथिक चिकित्सालय पुराने भवन में स्थानांतरित हो जाएगा।
शनिवार को समाधान दिवस में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने शिकायत की थी कि रामलीला मैदान स्थित होम्योपैथिक चिकित्सालय के भवन की मरम्मत के एक साल बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कमरे में चल रहा होम्योपैथिक चिकित्सालय पुराने भवन में स्थानांतरित नहीं हो पाया है। वर्तमान में सीएचसी परिसर में चल रहे होम्योपैथिक चिकित्सा में आने वाले मरीजों के बैठने की कोई सुविधा नहीं है। मरीज धूप व बारिश में घंटों खड़े रहकर पंजीकरण कराने को मजबूर हैं। पुराने भवन में विद्युत कनेक्शन नहीं है। शिकायत पर डीएम ने जिला होम्योपैथिक अधिकारी को पुराने भवन में विद्युत कनेक्शन करने व अन्य कर्मियों को चिकित्सालय में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था।
सोमवार को चिकित्सालय का निरीक्षण करने पहुंचे जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वह विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता से वार्ता कर शीघ्र पुराने भवन में विद्युत कनेक्शन करवाएंगे। जल्द ही सीएमची से होम्योपैथिक चिकित्सालय पुराने भवन में शिफ्ट होगा।
बता दें कि होम्योपैथिक चिकित्सालय के लिए 1985 में तत्कालीन आईएएस और नगर निवासी लक्ष्मीकांत नागर ने अपनी भूमि दान की थी। इसके भवन का निर्माण पूर्व सांसद राजेंद्र शर्मा ने कराया था लेकिन भवन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण यह चार वर्ष से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चल रहा है। संवाद