कुंदरकी (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर हुसैनपुर छिरावली गांव के पास बुधवार की सुबह करीब 7:30 बजे ओवरटेक की कोशिश में कार सामने से आ रही नरौरा डिपो की बस से भिड़ गई। हादसे में कार सवार दूल्हे अमित की तहेरी बहन बदायूं जिले के ग्राम कुर्सरा निवासी कक्षा सात की छात्रा पायल (14) की मौत हो गई। जबकि दूल्हा-दुल्हन समेत कार सवार सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एम ब्लॉक मोल धार निवासी अमित (26) कार चला रहा था। हादसे में अमित के अलावा उसकी नवविवाहित पत्नी नेहा (25), पिता रामविलास (60), भाभी स्वाति (30), रेखा (28), भतीजा आरुष (2) और रित्विक (1) घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाली पायल शादी में शामिल होने के लिए टिहरी गढ़वाल गई थी।
अमित टिहरी धाम में मशीन ऑपरेटर है। मंगलवार को ही नेहा के साथ उसकी की शादी हुई है। दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार के साथ टिहरी से संभल जिले के कादराबाद स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में कुलदेवी के दर्शन करने और जात लगाने के लिए जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, कुंदरकी थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर हुसैनपुर छिरावली गांव के पास बुधवार की सुबह करीब 7:30 बजे आगे जा रहे वाहन को कार ओवरटेक कर रही थी।
इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज से कार की भिड़ंत हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और बस को कब्जे में ले लिया है। बस चालक मौका पाकर भाग गया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय जाम जैसे हालत बन गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचा कर यातायात सुचारु कराया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर की जाएगी।
-
छात्रा की साइड का एयरबैग नहीं खुल सका
पुलिस ने जब कार की जांच की तो पता चला कि कार में चालक की साइड का एयरबैग हादसे के वक्त खुल गया लेकिन पैसेंजर साइड का एयरबैग नहीं खुला। आगे की सीट पर पायल बैठी थी। बस और कार की भिड़ंत भी रॉन्ग साइड में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि पता चला है कि हादसे के वक्त पायल ने सीट बेल्ट भी नहीं लगाई थी।
संभल से आए रिश्तेदारों ने जाना घायलों का हालचाल
भीषण हादसे में अमित की तहेरी बहन पायल की मौत होने और अन्य परिजनों के घायल होने की सूचना पर परिजन दौड़ पड़े। संभल जिले के शाहपुर सूद से आए रिश्तेदार कुंदरकी सीएचसी में गमजदा नजर आए। मुरादाबाद से कुछ परिचित भी सीएचसी में सभी घायलों का हालचाल लेते नजर आए।
रोडवेज बस के यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
नरोरा डिपो की रोडवेज बस बहजोई, चंदौसी, बिलारी से होते हुए मुरादाबाद को आ रही थी। जिसमें 20 से 25 यात्री बताए गए हैं। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। जिसके बाद बस सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से मुरादाबाद के लिए जाना पड़ा।
-
ढाबा तलाश रहा था अमित, हो गया हादसा
कार चालक अमित ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मंगलवार की देर रात टिहरी गढ़वाल से कादराबाद के लिए निकले थे। सुबह होने पर परिवार के सदस्यों ने नाश्ता कराने को कहा। चलती कार से ही नाश्ते के लिए ढाबा देख रहा था। तभी अचानक सामने से बस ने टक्कर मार दी।