मुरादाबाद। करवाचौथ का व्रत एक नवंबर को है। इसके लिए तैयारियां जोरो-शोरों से चल रही हैं। रविवार को अवकाश की वजह से बाजार में जबरदस्त भीड़ थी। सराफा से लेकर कपड़ा बाजार में ग्राहकों की रौनक रही। दुकानदारों ने शेष दो दिनों में जबरदस्त बिक्री की उम्मीद व्यक्त की है।
बाजार में नए डिजाइन की साड़िया, गाउन, सूट, चूड़ियां, व अन्य सामग्री महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं। व्यापारियों के मुताबिक मुंबई, सूरत और जयपुर की साड़ियां हैं। गाउन में सिरोस्की वर्क की ज्यादा मांग है। दुकानदार पवन सिंह ने बताया कि आठ सौ से चार हजार रुपये तक की साड़ियां सबसे ज्यादा खरीदी जा रही हैं। सूरत के अलावा जयपुर की हैंडवर्क की साड़ियों की ज्यादा मांग है। प्लेन साड़ी में हैवी ब्लाउन को पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा मल्टीकलर लहंगा भी चलन में है। वहीं सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ है। चूड़ियों की दुकानों पर लाल-हरे रंग के अलावा चूड़ा पसंद किया जा रहा है। चूड़ियों का सेट 250 रुपये से एक हजार रुपये तक का है।
दुकानदार शाहरुख ने बताया कि धागे के वर्क वाली लाल रंग चूड़ियों को बेहद पसंद किया जा रहा है। कांच की चूड़ियों की स्वरूप भी बदलता जा रहा है। इसके अलावा सतरंगी चूड़ा महिलाओं की पसंद में सबसे ऊपर है। यह सभी रंग की साड़ी और गाउन पर मैच कर जाता है। इसके अलावा अपनी बुजुर्ग महिलाओं को उपहार में देने के लिए रंग-बिरंगे कड़े भी महिलाएं खरीद रही हैं। मिट्टी के करवा 20 से 50 रुपये तक बिक रहे हैं। पीतल के करवा 180 रुपये से और चांदी के करवा की कीमत दो हजार से शुरु है।
करवाचौथ से पहले प्री ब्यूटी ट्रीटमेंट से निखार लाने की तैयारी
करवाचौथ के त्योहार में दो दिन का समय शेष है। खूबसूरत दिखने की चाह में इन दिनों ब्यूटी पार्लर पर खूब भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं करवाचौथ से पहले प्री बुकिंग करवाने के साथ प्री ब्यूटी ट्रीटमेंट ले रही हैं। ब्यूटीशियंस ऑफर देने के साथ मेकअप पैकेज दे रही हैं। ब्यूटीशियन एकता जैन ने बताया कि महिलाएं सबसे ज्यादा वाटर प्रूफ मेकअप, एचडी मेकअप व ग्लोसी मेकअप पसंद कर रही हैं। अभी वे ब्यूटी ट्रीटमेंट ले रही हैं, ताकि करवाचौथ से पहले त्चचा पर अच्छा निखार आ सके। महिलाएं मेकअप से ज्यादा अपने बालों की ओर भी ध्यान दे रही हैं। स्मूथनिंग, रिवोंडिंग और कैरेटिन का क्रेज है। नवविवाहिताओं के अलावा अन्य महिलाएं भी इसको पसंद कर रही हैं।
सराफा कारोबार चमकने की उम्मीद
त्योहारी सीजन को देखते हुए सराफा कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है। सराफा कारोबारी नितिन रस्तोगी ने बताया कि अब बाजार में ग्राहकों की भीड़ आने लगी है। उपहार में देने के लिए डायमंड और सोने के हल्के और डिजाइनर आभूषण आए हैं। मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी और ईयररिंग्स उपहार के लिए सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। महिलाएं बिछुआ, पायल आदि की खरीदारी कर रही हैं।