थाना क्षेत्र के दौलतपुर तिगरी गांव में खेत पर काम कर रहे पिता को बुलाने के लिए गई छात्रा का जब्दी नदी को पार करते समय गड्ढे में पैर फंस गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। किसानों ने मछली पकड़ने वाले जाल को नदी में डालकर शव बाहर निकाला। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
किसानों के मुताबिक दौलतपुर तिगरी गांव निवासी किसान तेजपाल सिंह का खेत जब्दी नदी के पार है। बृहस्पतिवार को वह अपनी पत्नी के साथ खेत पर काम कर रहे थे। उनकी पुत्री किरन (19) तेजपाल को बुलाने के लिए साइकिल से गई थी। किनारे पर साइकिल खड़ी करके किरन नदी पार कर रही थी। इसी दौरान उसका पैर गड्ढे में फंस गया और वह डूबने लगी जिसको देख रहे आसपास के खेतों पर काम रहे किसानों ने दौड़कर मछली पकड़ने वालों का जाल नदी में डालकर उसको बाहर निकाला। बेहोश किरन को चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। किसान तेजपाल सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री बीए की छात्रा थी।
किरन की मौत पर उसके पिता तेजपाल, मां वीरवती, भाई आशिष, मंदीप, बड़ी बहन मीनू सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।