मैनाठेर। थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती मंगलवार को मैनाठेर थाने पहुंच गई और अपने प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ गई। युवती ने साफ तौर पर प्रेमी के साथ ही विवाह करने की इच्छा जताई। जानकारी के अनुसार दोनों अलग-अलग जाति से होने के कारण युवक की ओर से शादी से इनकार किया जा रहा था। बताया गया कि युवती की शादी मार्च माह में किसी अन्य युवक से तय थी, लेकिन वह प्रेमी के साथ रहने की जिद लेकर मंगलवार को थाने पहुंच गई। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने समझाने का प्रयास किया। काफी बातचीत और समझाइश के बाद प्रेमी ने युवती की बात मान ली जिसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ लौट गई। वहीं इस मामले को लेकर दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।