कुंदरकी के एक मोहल्ला निवासी युवती शुक्रवार शाम करीब पांच बजे डायल 112 पुलिस के साथ अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। जानकारी पर युवती के परिजन भी पहुंचे। वहीं पंचायत ने दोनों का निकाह कर दिया।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती का क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक से करीब पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों के अलग-अलग जाति के होने के चलते दोनों के परिजनों इसके खिलाफ है।
वहीं शुक्रवार शाम करीब पांच बजे युवती घर से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित क्षेत्र के एक गांव में अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। युवती अपने साथ डायल 112 पुलिस को भी लेकर गई थी। युवती ने प्रेमी के साथ शादी करने की बात कही।
इस बीच युवक के परिजनों व ग्रामीणों ने युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ी रही। सूचना पर स्थानीय पुलिस और युवती के परिजनों भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने युवती को समझाने के कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही।
मामले को सुलझाने के लिए कुछ लोगों ने पंचायत की। जिसमें दोनों का निकाह कराने पर सहमति बनी। इसके बाद पंचायत में दोनों को निकाह करा दिया गया। इंस्पेक्टर संजय कुमार पांचाल का कहना है कि प्रेमी युगल के निकाह पर सहमति हो जाने पर गांव से पुलिस टीम लौट आई।