ठाकुरद्वारा। लग्न की दावत में लड़की और लड़के पक्ष के लोग डीजे पर पंसद के गाने बजाने को लेकर आपस में भिड़ गए। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
गांव लालपुर गोसाई की युवती की लग्न शनिवार को गांव नारायणपुर छंगा में गई थी। लग्न की रस्म पूरी होने के बाद शनिवार की रात 10 बजे दावत चल रही थी। दोनों पक्षों के लोग वहां बज रहे डीजे पर डांस कर रहे थे, इस दौरान दोनों पक्षों में अपनी पसंद का डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट होने लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के चार लोगों को पड़कर कोतवाली ले आई। जबकि अन्य लोग वहां से भाग गए। रविवार को कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। इसलिए इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।