डिलारी। ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहेड़ी ब्रहमनान में जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव के गंदे पानी की निकासी का कोई सही प्रबंध नहीं है। जिससे यहां मंगलवार शाम एक बुजुर्ग महिला के निधन के बाद उनकी शव यात्रा लेकर लोगों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा। इससे लोगों में खासा रोष देखा गया। कुछ लोगों ने समस्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
गांव निवासी हरी पाल ने बताया की उसकी मां दुलारी देवी (65) की गंभीर रोग से पीड़ित थीं। मंगलवार को दुलारी देवी का निधन हो गया। शाम के समय उनकी शव यात्रा गांव से होते हुए श्मशान घाट पहुंची। गांव के रास्ते में गंदा पानी भरा होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के बीच से गुजरी वृद्धा की शव यात्रा का वीडियो ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। इससे ग्राम पंचायत प्रशासन के साफ-सफाई के दावे हवाई साबित हो गए। हरिपाल ने बताया कि ग्राम समाज के तालाब में पानी जाने वाले रास्ते पर लोगों अतिक्रमण कर लिया है, जिस वजह से गांव में जलभराव है।
बारिश से हुए जलभराव से आई समस्या : प्रधान
ग्राम प्रधान अल्पना शर्मा कहना है कि दो दिन पूर्व बारिश हुई थी, जो सड़क पर भर गया। बारिश में तालाब ओवरफ्लो हो जाता है। उससे वाहर पानी जाने का कोई रास्ता नहीं है। जिस कारण सड़क पर जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। जहां जलभराव था वहां साफ-सफाई करा दी गई। गांव में प्रधान के चुनाव काे लेकर यह सब उसकी राजनीति की जा रही है। मैं स्वयं उच्च अधिकारियों से मिलकर गांव के पानी की निकासी व्यवस्था कराने की मांग कर चुकी हैं। ग्राम पंचायत सचिव जकी अनवर का कहना है कि गांव के गंदे पानी के साथ ही बारिश होते ही तालाब ओवरफ्लो हो जाता है। यह बारिश का पानी जमा था जो समाप्त हो गया है। सड़क पर गंदा पानी जमा नहीं है।