बिलारी। कोतवाली के सहसपुर गांव निवासी जिस युवक के गायब हो जाने पर उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी वह सोमवार दोपहर स्वयं ही कोतवाली पहुंच गया। सहसपुर के मोहल्ला किला रोड निवासी वृद्ध वीर सिंह कृषि विभाग का रिटायर्ड कर्मचारी है। वीर सिंह ने 15 दिन पहले स्थानीय कोतवाली में अपने बेटे बिजेंद्र के गायब हो जाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वीर सिंह ने आरोप लगाया था कि उसका बेटा 13 मई को अपनी ससुराल अकबरपुर खास गांव गया था उसके बाद से घर वापस नहीं लौटा है।
वीर सिंह ने बेटे के ससुरालियों की भूमिका भी संदिग्ध होना बताई थी। सोमवार दोपहर बिजेंद्र अपनी पत्नी रीनू के साथ स्वयं ही कोतवाली पहुंच गया और पिता के आरोप को नकारते हुए कहा कि वह उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित एक मोटरसाइकिल कंपनी में जॉब की तलाश में गया था। काम न मिलने पर कुछ दिन वहीं रूक गया और स्वयं ही घर वापस लौटकर आया है। पुलिस ने पिता और उसके बेटे के अलग अलग तर्क सुनने के बाद दोनों को समझा बुझाकर घर भेज दिया।